मुरेठी में दर्दनाक हादसा: बिना लाइट के सड़क पर दौड़ रहा था ट्रैक्टर, कार के उड़े परखच्चे, एक ही परिवार के 4 घायल |

3 Min Read

शमशाबाद /फर्रुखाबाद/

शमशाबाद थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में अमृतपुर निवासी एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब रिश्तेदारी से लौट रही वैगनआर कार की सामने से आ रहे ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कार में सवार परिवार के लोग अंदर ही फंस गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े।

घटना शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मुरेठी के सामने की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अमृतपुर निवासी राजेश पाठक अपनी पत्नी मीना पाठक और दो बेटों अनुपम पाठक व आशीष पाठक के साथ मंगलवार को शमशाबाद क्षेत्र में स्थित रिश्तेदारी में गए थे। देर रात पूरा परिवार वैगनआर कार से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान शमशाबाद से फैजाबाद मार्ग की ओर जाते समय सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घायल आशीष पाठक ने बताया कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर की हेडलाइट बंद थी। रात के अंधेरे में ट्रैक्टर दिखाई न देने के कारण कार चालक संतुलन नहीं बना सका और सीधी भिड़ंत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में बिना लाइट के वाहन चलाना हादसों को न्योता देना है, लेकिन इसके बावजूद कई ट्रैक्टर चालक नियमों की अनदेखी करते हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की हालत पर नजर बनाए रखी है।

डॉक्टरों के अनुसार मीना पाठक के हाथ में फ्रैक्चर आया है, जबकि राजेश पाठक के सिर में गंभीर चोट लगी है। दोनों बेटों अनुपम और आशीष को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। हादसे के बाद परिवार में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात के समय बिना लाइट चलने वाले वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *