पर्यटन मंत्री ने कुरावली में 1.48 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण, मैनपुरी को दी करोड़ों की बड़ी सौगातें
मैनपुरी, 31 अक्टूबर (अजय किशोर) उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को कुरावली स्थित मिट्ठू बाबा सत्यबली आश्रम परिसर में 1 करोड़ 48 लाख 60 हजार रुपये की लागत से नव-निर्मित विकास एवं जन-सुविधा कार्यों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि गत् वर्ष 22 नवंबर को शिलान्यास की गई इस परियोजना को निर्धारित 01 वर्ष की समय-सीमा से एक माह पूर्व, मात्र 11 माह में ही पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सनातन आस्था के केंद्रों का सम्मान और विकास एक साथ आगे बढ़ा रही है, वहीं इस पावन परिसर की निरंतर स्वच्छता व सुरक्षा बनाए रखने की प्राथमिक जिम्मेदारी अब स्थानीय समाज की है।
पर्यटन मंत्री ने कुरावली और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं की घोषणा की। कुरावली-अलूपुरा-सलेमपुर-लहरा मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण हेतु 25 करोड़ रुपये का टेंडर स्वीकृत हो चुका है, जिससे 25 मिनट की यात्रा घटकर मात्र 5 मिनट की रह जाएगी। इसके अलावा, कुरावली नगर क्षेत्र को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए जी.टी. रोड पर गैलानाथ पुल से महर्षि कश्यप चौक तक के मार्ग को डिवाइडर युक्त 4-लेन बनाने और सौंदर्यीकरण हेतु 18 करोड़ रुपये का टेंडर स्वीकृत कर दिया गया है।
अपने संबोधन में संस्कृति मंत्री ने मैनपुरी के सर्वांगीण विकास का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि विधायक निधि की सीमाओं से परे जाकर जिले के सांस्कृतिक और भौतिक उत्थान के लिए लगातार बजट स्वीकृत किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2022-23 से लेकर 2025-26 तक मैनपुरी क्षेत्र में 170 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं। उन्होंने बताया कि मैनपुरी से जुड़ने वाली पांचों पड़ोसी जिलों की सीमाओं पर आगंतुकों के स्वागत हेतु 10 करोड़ रुपये की लागत से भव्य प्रवेश द्वार और टूरिज्म इंफॉर्मेशन कॉम्प्लेक्स बनाए जा रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि जिला मुख्यालय पर विकास भवन के समीप लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्र का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिसे आगामी दो माह में लोकार्पित कर दिया जाएगा। इस केंद्र में 1,000 दर्शक क्षमता का वातानुकूलित ऑडिटोरियम, अत्याधुनिक म्यूजियम तथा एआर व वीआर तकनीक से मैनपुरी के ऋषि-मुनियों का जीवंत इतिहास देखने को मिलेगा। इस लोकार्पण समारोह के दौरान उप जिलाधिकारी कुरावली प्रदीप कुमार सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न ग्रामों के प्रधान, मंडल अध्यक्ष तथा भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
