जनगणना में कोविड -19, बैंक खातों, डिजिटल, जाति सहित देनी होगी 40 की बजाय 64 प्रश्नों की जानकारी
(संवाददाता योगेन्द्र प्रताप सिंह, जलेसर)
जलेसर। एटा। उत्तर प्रदेश। जनपद एटा में नगर जलेसर में आगामी 01 दिसंबर 2026 से 05 जनवरी 2027 तक शुरू होने वाली जनगणना 2027 में प्रगणकों द्वारा व्यक्तियों से प्रमुख रूप से 40 प्रश्न पूछे जायेंगे। प्रगणकों द्वारा कुछ विशेष व्यक्तियों से 40 की बजाय 64 प्रश्नों की जानकारी भी ली जा सकती है। इस बार जनगणना में व्यक्तियों से उनके सभी बैंक खातों की संख्या के साथ साथ मोबाइल नम्बर आधार कार्ड, वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट जैसे सभी डिजिटल आई डी की सम्पूर्ण जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा कोविड -19 टीकाकरण किस जगह कराये जाने की जानकारी भी ली जायेगी। प्रगणक दसवे सवाल में अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जन जाति के साथ साथ सामान्य एवं अन्य जातियों की जानकारी भी दर्ज करेगा।
उपजिलाधिकारी ने प्रशिक्षुओं के भोजन की परखी स्वयं गुणवत्ता
जलेसर। नगर के एमजीएम इंटर कॉलेज में चल रहे जनगणना प्रगणक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को उपजिलाधिकारी पीयूष रावत द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी द्वारा प्रगणक प्रशिक्षुओं से संवाद कर प्रशिक्षण और भोजन आदि की जानकारी ली गई। उपजिलाधिकारी पीयूष रावत द्वारा प्रशिक्षु प्रगणकों के साथ भोजन कर खाने की गुणवत्ता को स्वयं परखा गया। खण्ड शिक्षा अधिकारी अवागढ़ अनिल कुमार द्वारा प्रशिक्षण में सभी प्रशिक्षुओं को भोजन, चाय, नाश्ता आदि समय उपलब्ध कराए जाने के प्रति आश्वस्त कराया गया। प्रशिक्षु पर्यवेक्षक हरी बाबू शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान भोजन, चाय, नाश्ता गुणवत्तापूर्ण ही नहीं अपितु नियत समय से भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रशिक्षु प्रगणक डीपी सिंह ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण के दौरान भोजन, चाय नाश्ता आदि की गुणवत्ता को लेकर कोई समस्या नहीं है। तहसील प्रशासन द्वारा काफी अच्छा इंतजाम किया गया है।
घर घर जाकर स्व गणना का सत्यापन करेंगे प्रगणक
जलेसर। 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर, 2026 तक
स्व गणना का कार्य किया जायेगा। जिसमें गृह स्वामी अथवा परिवार का कोई भी व्यक्ति परिवार के मुखिया, अपनी और परिवार के अन्य सदस्यों की मांगी गई सारी जानकारी मोबाइल और ओटीपी के माध्यम से ऑनलाइन भर सकेंगे। इस अवधि में प्रगणक घर घर जाकर स्व गणना के प्रस्तुत डाटा को सत्यापित एवं मान्य करेंगे। स्व गणना के दौरान प्रगणक द्वारा अपनी जिम्मेदारियों के प्रति बरती गई लापरवाही कदापि क्षम्य नहीं होगी। संबंधित प्रगणक के विरुद्ध कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
