मोहम्मदाबाद/फर्रुखाबाद।
कोतवाली क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पत्नी के इलाज के लिए कानपुर देहात से फर्रुखाबाद आए 25 वर्षीय युवक की अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कानपुर देहात जनपद के पुखरायां निवासी अमित निषाद अपनी पत्नी रूबी के उपचार के सिलसिले में फर्रुखाबाद आए हुए थे। बताया गया है कि रूबी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें उल्टी, दस्त और तेज बुखार की शिकायत होने पर मुरास सादिकपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। पत्नी की देखभाल और इलाज के लिए अमित शुक्रवार को उसे लेकर पट्टी खुर्द निवासी अपने बहनोई आलोक प्रताप के घर पहुंचे थे।
परिजनों के मुताबिक इलाज के लिए अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता पड़ने पर अमित बाइक से घर से रुपए लेने के लिए निकले थे। इसी दौरान मुरास कन्हैया के पास सड़क किनारे खड़े अमित को तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमित को तत्काल उपचार के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी का इलाज कराने आए अमित की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने पर मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वाहन की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां पत्नी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है, वहीं दूसरी ओर उसके सहारे की असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में डूब गया है।
