अमरोहा में गजरौला के मोहरका पट्टी के जंगल में फंदे में फंसा तेंदुआ, वन विभाग कर रहा रेस्क्यू
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा। अमरोहा में देर रात गजरौला के गांव मोहरका पट्टी के जंगल में फंदे में तेंदुआ फंस गया। यह फंदा शिकारियों ने लगाया था। अब वन विभाग की टीम उसे रेस्क्यू करने में जुटी है। जिले में तेंदुआ दहशत का केंद्र बने हुए हैं। अमरोहा, नौगावां सादात, जोया, डिडौली, मंडी धनौरा व गजरौला क्षेत्र में अक्सर तेंदुआ दिखाई देते रहे हैं।
रविवार सुबह जब गांव मोहरका पट्टी के लोग तिगरी रोड पर खेतों की तरफ गए तो वहां वन विभाग की जमीन में घास के बीच बैठे तेंदुआ पर उनकी नजर पड़ी। पहले तो लोग डरे, लेकिन इसी बीच तेंदुआ ने उठकर चलने का प्रयास किया तो वह आगे नहीं बढ़ सका। क्योंकि उसका पैर फंदे में फंसा हुआ था।
थोड़ी ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वन विभाग की टीम भी आ गई। माना जा रहा है कि जिस फंदे में तेंदुआ का पैर फंसा है, वह स्थानीय शिकारियों द्वारा लगाया गया था। वन विभाग ने रेस्क्यू शुरू कर दिया है।
