गाजियाबाद वाली लैला के लिए वीरू बना आशिक: 60 मीटर ऊंचे वोडाफोन टावर पर चढ़ा, बोला- उसे बुलाओ तभी उतरूंगा |!

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मोहब्बत का एक हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहाँ एक सिरफिरा आशिक अपनी प्रेमिका के वियोग में करीब 60 मीटर ऊंचे वोडाफोन के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की जिद है कि जब तक गाजियाबाद में रहने वाली उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया जाता, वह नीचे नहीं उतरेगा।

ऊपर से फेंक रहा प्रेमिका की तस्वीरें, देखने उमड़ी भारी भीड़

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर पहुंचकर जोर-जोर से चिल्ला रहा है। वह रह-रहकर टावर के ऊपर से अपनी प्रेमिका की तस्वीरें नीचे फेंक रहा है और चिल्लाकर कह रहा है कि वह अपनी प्रेमिका के बिना नहीं जी सकता। इस अजीबोगरीब ड्रामे को देखने के लिए मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपने मोबाइल से इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे, जिससे भीषण गर्मी के बीच वहाँ जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई।

पुलिस के फूले हाथ-पांव, दी कूदने की धमकी

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कायमगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने खुद माइक संभालकर अनाउंसमेंट की और युवक से सुरक्षित नीचे उतरने की भावुक अपील की।

हालांकि, पुलिसकर्मियों की समझाइश का युवक पर कोई असर नहीं हुआ। जब पुलिस ने उससे बात करने की कोशिश की, तो उसने साफ शब्दों में अल्टीमेटम देते हुए कहा:

जब तक मेरी प्रेमिका गाजियाबाद से यहाँ नहीं आएगी और उससे मेरी बात नहीं कराई जाएगी, मैं नीचे नहीं उतरूंगा। अगर किसी ने ऊपर आने की जबरदस्ती की, तो मैं यहीं से नीचे कूद जाऊंगा।

युवक की इस आत्मघाती धमकी के बाद मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, प्रेमिका से संपर्क की कोशिश

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि टावर पर चढ़े युवक की पहचान कर ली गई है और उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इसके साथ ही गाजियाबाद में रह रही युवती से भी संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस नीचे से ही लगातार युवक की काउंसलिंग कर रही है ताकि उसका ध्यान भटकाकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।

समाचार लिखे जाने तक युवक अब भी टावर पर ही डटा हुआ है और फायर ब्रिगेड व पुलिस का संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द ही युवक को सकुशल नीचे उतार लिया जाएगा।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *