रिपोर्ट सुधीर सिंह |
शमशाबाद/ कायमगंज/ फर्रुखाबाद |
कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ घूम रहे चोरों ने एक बार फिर पुलिस और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने अहमदगंज स्थित खेत में लगे समर्सिबल के ट्रांसफार्मर को खंभे से नीचे गिराकर उसमें से कीमती तांबा और तेल पार कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर इलाके में सनसनी फैल गई।

दावत में गया था पुत्र, खाली पाकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित होरीलाल निवासी गांव गंगईया चंगामई ने बताया कि उनका खेत गांव अहमदगंज के पास स्थित है, जहां समर्सिबल सिंचाई के लिए ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। आमतौर पर उनका पुत्र सुनील रात में समर्सिबल पर ही सोता था। शुक्रवार रात एक रिश्तेदारी में दावत होने के कारण सुनील वहां चला गया था। मौका पाकर चोरों ने बड़े ही शातिराना अंदाज में पोल से भारी-भरकम ट्रांसफार्मर को नीचे उतारा और उसका सारा कीमती सामान निकाल लिया।
ग्रामीणों ने देखा खाली खोखा, डायल 112 की देरी पर रोष
शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ शौच के लिए गए, तो उन्होंने जमीन पर ट्रांसफार्मर का खाली खोखा पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत होरीलाल को दी गई। मौके पर पहुंचे पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पीड़ित का आरोप है कि सूचना देने के 1 घंटे बाद तक भी डायल 112 की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बिजली कर्मचारियों की संलिप्तता की चर्चा तेज
घटना के बाद से ही ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश और चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के चालू उपकरणों से इस तरह ट्रांसफार्मर को नीचे उतारकर कॉपर और तेल निकालना किसी आम आदमी या साधारण चोर के बस की बात नहीं है। इसमें कहीं न कहीं विद्युत विभाग के कर्मचारियों या लाइनमैनों की साठगांठ की पूरी संभावना जताई जा रही है।
पुलिस कर रही जांच

मामले में कुआं खेड़ा चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और जांच-पड़ताल की जा रही है। पीड़ित की तरफ से तहरीर मिलते ही मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

