राजेपुर /फर्रुखाबाद।
जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर आबकारी विभाग ने शिकंजा कस दिया है। शनिवार को आबकारी विभाग और राजेपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में अभियान चलाकर संदिग्ध ग्राम कुइया डेरा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने 5 लीटर अवैध कच्ची शराब और 60 किलोग्राम लहन बरामद किया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने स्टाफ और राजेपुर पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से बाढ़ प्रभावित इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया।
अवैध शराब बरामद होने के मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। विभाग की कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
शराब की दुकानों पर भी अचानक पहुंची टीम
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आबकारी विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न अनुज्ञापन स्थलों का भी औचक निरीक्षण किया। राजेपुर और चाचूपुर की कंपोजिट दुकानों तथा राजेपुर और चाचूपुर स्थित देशी मदिरा दुकानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को परखा। दुकानों पर उपलब्ध शराब का मिलान अभिलेखों में दर्ज स्टॉक से किया गया।
अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। किसी भी स्तर पर अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बाढ़ के बीच अवैध शराब पर भी नजर

आबकारी विभाग ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
बाढ़ की आड़ में अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर विभाग की नजर है और आने वाले दिनों में भी छापेमारी एवं जांच की कार्रवाई जारी रहने के संकेत हैं।

