लेखपाल परीक्षा के मद्देनज़र फर्रुखाबाद में रूट डायवर्जन लागू, 19 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा |

3 Min Read

फर्रुखाबाद।

जिले में आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने परीक्षा अवधि के दौरान विशेष रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह से परीक्षा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

भारी वाहनों के लिए बदला गया रूट

प्रशासन के निर्देशानुसार कन्नौज और कानपुर की ओर से फतेहगढ़ आने वाले ट्रक, टैंकर, डंपर, डीसीएम और अन्य भारी मालवाहक वाहनों को जिला जेल क्रॉसिंग से सेंट्रल जेल मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

वहीं फर्रुखाबाद बस अड्डे से कानपुर जाने वाली रोडवेज बसों को लाल गेट, फव्वारा और आईटीआई मार्ग होते हुए सेंट्रल जेल की तरफ से निकाला जाएगा, ताकि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात का दबाव कम रहे।

परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्ती

प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है। ई-रिक्शा, ऑटो और टेंपो जैसे हल्के वाहन केवल निर्धारित मार्गों पर ही संचालित किए जाएंगे। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में इनके प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और सहयोग बनाए रखें, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पांचाल घाट पुल पर मरम्मत कार्य, समय से पहले निकलने की अपील

प्रशासन ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की है। अधिकारियों ने बताया कि पांचाल घाट गंगा पुल पर इस समय मरम्मत कार्य चल रहा है, जिसके चलते यातायात प्रभावित हो सकता है और पुल पार करने में अतिरिक्त समय लग सकता है।

ऐसे में सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने परीक्षा केंद्र के लिए समय से काफी पहले घर से निकलें, ताकि किसी भी प्रकार की देरी से बचा जा सके और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचा जा सके।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *