ढाई घाट पुल पर मिले कपड़े-पर्चे ने मचाया हड़कंप, नदी में छलांग की आशंका!
घर से घूमने निकला 30 वर्षीय गौरव लापता, गोताखोरों और स्टीमर से गंगा में सघन तलाश जारी
शमसाबाद/फर्रुखाबाद।
ढाई घाट पुल के पास मंगलवार को एक युवक के कपड़े और कथित रूप से एक पर्चा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक के नदी में छलांग लगाने की आशंका के चलते पुलिस ने गोताखोरों और स्टीमर की मदद से नदी में तलाश शुरू करा दी। देर तक चले खोज अभियान के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। उधर, सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया गया कि एटा के अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला छेदालाल गौड़ निवासी 30 वर्षीय गौरव गुप्ता उर्फ चंदन मंगलवार सुबह घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार गौरव ने अपने पिता से 100 रुपये लिए और घूमने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों को चिंता सताने लगी और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी।

इसी बीच करीब 10 बजे पुलिस की ओर से परिजनों को सूचना दी गई कि फर्रुखाबाद के शमसाबाद क्षेत्र में स्थित ढाई घाट पुल के पास गौरव के कपड़े मिले हैं। मौके पर एक पर्चा मिलने की बात भी सामने आई। कपड़े और पर्चा मिलने के बाद पुलिस ने गौरव के नदी में छलांग लगाने की आशंका जताते हुए तत्काल खोजबीन शुरू कराई।
सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में ढाई घाट पहुंचे और नदी किनारे गौरव के मिलने की आस में डटे रहे। पुलिस ने गोताखोरों को नदी में उतारने के साथ स्टीमर की मदद से आसपास के हिस्से में तलाश शुरू कराई। नदी की धारा और पानी के फैलाव को देखते हुए खोज अभियान में पुलिस और गोताखोरों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
पुलिस नदी में लगातार तलाश कराने के साथ ही पूरे मामले की जांच में जुटी है। युवक नदी तक कैसे पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ, इसे लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
वहीं गौरव के परिजन किसी अनहोनी की आशंका से बेहद परेशान हैं। उनकी निगाहें लगातार नदी की ओर टिकी हुई हैं और परिवार के लोग गौरव के सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

