कायमगंज/फर्रुखाबाद।
व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका प्रभावी ढंग से समाधान कराने तथा मंडी हित में जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए नवीन मंडी समिति कायमगंज के कार्यवाहक सचिव शैलेंद्र वर्मा का भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से भव्य सम्मान किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि व्यापारियों के हित से जुड़े मामलों में शैलेंद्र वर्मा ने सदैव गंभीरता दिखाई है और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया है।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री एवं जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने कहा कि संगठन हमेशा उन व्यक्तित्वों का सम्मान करता है, जो समाज, व्यापारियों और आमजन के हित में समर्पित भाव से कार्य करते हैं। इसी कड़ी में कार्यवाहक सचिव शैलेंद्र वर्मा को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि मंडी से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं को समझना और उनका उचित समाधान कराना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे शैलेंद्र वर्मा गंभीरता से निभा रहे हैं।
जिला महामंत्री अनुपम अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष नितिन रस्तोगी एवं जिला संरक्षक शंभू शरण अग्रवाल ने भी शैलेंद्र वर्मा के कार्यों की प्रशंसा की। पदाधिकारियों ने कहा कि मंडी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ व्यापारियों की समस्याओं का समाधान और मंडी हित को प्राथमिकता देना सराहनीय कार्य है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने शैलेंद्र वर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आशा जताई कि शैलेंद्र वर्मा इसी प्रकार व्यापारिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए अपने दायित्वों को प्राथमिकता के साथ निभाते रहेंगे।
सम्मान समारोह के दौरान व्यापार मंडल की टीम ने शैलेंद्र वर्मा को माला पहनाकर, पगड़ी पहनाकर एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्हें प्रतीक चिन्ह एवं सम्मान पत्र भी भेंट किया गया। सम्मान मिलने पर वहां मौजूद पदाधिकारियों और व्यापारियों में उत्साह का माहौल रहा।
सम्मान समारोह में कायमगंज नगर अध्यक्ष अमर गुप्ता, नगर महामंत्री रिंकू कौशल, नगर मीडिया प्रभारी अभिषेक गुप्ता, जिला मंत्री नीरज राठौर, जिला संगठन मंत्री अखिलेश शर्मा, जिला संगठन मंत्री ऋषभ पालीवाल सहित भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की पूरी टीम मौजूद रही।
सभी पदाधिकारियों ने कार्यवाहक सचिव शैलेंद्र वर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उनके निरंतर बेहतर कार्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

