कायमगंज/फर्रुखाबाद।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के छठे दिन मनाए जाने वाले भगवान श्रीकृष्ण की छठी उत्सव के अवसर पर श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी मंदिर, कोतवाली कायमगंज परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में कढ़ी-चावल के विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ कायमगंज कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला एवं मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने भगवान कान्हा जी को भोग अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती करके किया। इसके बाद कन्याभोज कराया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार उमड़ती रही और सभी ने श्रद्धा के साथ कढ़ी-चावल का प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे के दौरान मंदिर परिसर में ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं में भगवान श्रीकृष्ण की छठी को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। आयोजकों एवं मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से प्रसाद वितरित कराया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के छठे दिन बाल गोपाल की छठी मनाई जाती है। इसे भगवान श्रीकृष्ण के नामकरण एवं शुद्धिकरण से जुड़ा पावन अवसर माना जाता है। इस दिन लड्डू गोपाल का पंचामृत से अभिषेक कर विशेष पूजा और श्रृंगार किया जाता है तथा कढ़ी-चावल सहित विभिन्न पकवानों का भोग लगाया जाता है। मान्यता है कि श्रद्धा और विधि-विधान से बाल गोपाल की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि, खुशहाली और सकारात्मकता आती है।
कार्यक्रम में कायमगंज कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला, मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी, प्रबंधक संगम शाक्य, उपाध्यक्ष कन्हैयालाल, उपाध्यक्ष दीपक शाक्य सहित सदस्य गुरुदेव, जयवीर, आर्यन, शकुंतला आदि मौजूद रहे। मंदिर ट्रस्ट एवं आयोजकों ने श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धार्मिक आयोजनों में इसी प्रकार सहयोग और सहभागिता बनाए रखने की अपील की।

