फर्रुखाबाद |
कानपुर-फर्रुखाबाद मार्ग पर शाम याकूतगंज चौकी के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शिक्षा विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी की मौत हो गई। अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को आनन-फानन में लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार कादरी गेट थाना क्षेत्र के मसेनी निवासी राहुल चौहान (38) शिक्षा विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे और मैनपुरी जनपद के बेवर में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बुधवार शाम वह बाइक से कानपुर-फर्रुखाबाद मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान याकूतगंज चौकी से कुछ दूरी पर पीछे से आए एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। चर्चा है कि टक्कर मारने वाला वाहन पिकअप था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राहुल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई, जबकि हाथ-पैर में भी फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। राहगीरों की सूचना पर याकूतगंज चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर दीपक तिवारी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोबाइल ने खोला पहचान का राज
हादसे के बाद कुछ समय तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने तलाशी के दौरान मिले कागजात और मोबाइल फोन के आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया। मोबाइल के जरिए राहुल की बहन से संपर्क हुआ, जिसके बाद उनकी शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
माता-पिता के बाद दो बहनों का इकलौता सहारा थे राहुल
राहुल की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया गया कि उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह दो बहनों के इकलौते भाई थे। परिवार के लिए राहुल ही एक महत्वपूर्ण सहारा थे। हादसे ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घर में गूंजी थी किलकारी, अब मातम में बदली खुशियां
सबसे मार्मिक बात यह है कि राहुल के घर में कुछ समय पहले ही बेटे के जन्म की खुशियां आई थीं। पत्नी नवजात बच्चे के साथ इन दिनों अपने मायके कमालगंज गई हुई हैं। बच्चे के जन्म के बाद परिवार अभी खुशियां मना ही रहा था कि अचानक राहुल की मौत की खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
राहुल की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। घटना को लेकर पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है।

