फतेहगढ़/फर्रुखाबाद |
जनपद में सोमवार को ‘पुलिस झण्डा दिवस’ पूरी गरिमा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) फतेहगढ़ ने पुलिस कार्यालय फतेहगढ़ परिसर में विधिवत रूप से पुलिस ध्वज फहराया और ध्वज को सलामी दी।
ध्वजारोहण के पश्चात अपर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) द्वारा ‘पुलिस झण्डा दिवस’ के उपलक्ष्य में जारी किए गए विशेष संदेश को पढ़कर सुनाया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली ध्वज की गरिमा व मान-सम्मान को सदैव अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी (सीओ) कायमगंज द्वारा भी अपने कार्यालय परिसर में पुलिस ध्वज फहराया गया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को डीजीपी का संदेश पढ़कर सुनाया तथा अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं के प्रभारी व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
