कायमगंज/फर्रुखाबाद |
क्षेत्रीय जनता की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि के प्रयासों से संचालित की जा रही बस संख्या UP 76 AT 9020 में चालक और परिचालक की घोर लापरवाही व मनमानी सामने आई है। यातायात नियमों को ताक पर रखते हुए 28 सवारियों की क्षमता वाली इस बस में करीब 50 यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया जा रहा है, जिससे कभी भी कोई बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।

चालक मेवाराम और परिचालक ब्रजेश कुमार पर मनमानी का आरोप
जानकारी के अनुसार, इस रूट पर चलने वाली बस संख्या UP 76 AT 9020 में चालक मेवाराम और परिचालक ब्रजेश कुमार द्वारा लगातार मनमानी की जा रही है। अधिक मुनाफे या अपनी मनमर्जी के चलते निर्धारित सीट क्षमता से लगभग दोगुनी सवारियां बस में भरी जा रही हैं। बस के अंदर पैर रखने तक की जगह नहीं बचती, जिसके कारण महिला, बुजुर्ग और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्री दरवाजे पर लटककर सफर करने को मजबूर हैं, जो सीधे तौर पर उनकी जान जोखिम में डाल रहा है।
विधायक की मंशा पर फेर रहे पानी
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि विधायक डॉ. सुरभि ने आम जनता को सुरक्षित और सुलभ यात्रा मुहैया कराने के उद्देश्य से इस बस सेवा की शुरुआत करवाई थी। लेकिन चालक मेवाराम और परिचालक ब्रजेश कुमार की कार्यशैली से न केवल यात्रियों की सुरक्षा खतरे में है, बल्कि विधायक की जनकल्याणकारी छवि को भी धूमिल करने का काम किया जा रहा है।
यात्रियों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
ओवरलोडिंग का विरोध करने पर चालक और परिचालक द्वारा यात्रियों से अभद्रता करने की बात भी सामने आ रही है। स्थानीय नागरिकों और दैनिक यात्रियों ने परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों और प्रशासन से मांग की है कि बस संख्या UP 76 AT 9020 की तत्काल जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालक मेवाराम और परिचालक ब्रजेश कुमार के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी को रोका जा सके।
