फर्रुखाबाद/
जिलेभर में गणेश महोत्सव की धूम मची हुई है। शहर से लेकर कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक 200 से अधिक स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं श्रद्धा और भक्ति के साथ स्थापित की गई हैं। सुबह-शाम पूजा-अर्चना और रात में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पंडाल गुलजार हैं। गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं।
कायमगंज में फिल्म प्रदर्शन ने खींची भीड़
कायमगंज के गणेश महोत्सव पंडाल में रात विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां ‘हनुमान अंश’ फिल्म का प्रदर्शन किया गया। फिल्म में फर्रुखाबाद के ही एक स्थानीय व्यक्ति की विशेष भूमिका होने के कारण लोगों में इसे लेकर खास उत्सुकता दिखाई दी। फिल्म देखने के लिए पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।

कमालगंज में सजीव झांकियों ने मोहा मन
कमालगंज में चल रहे 17वें गणेश महोत्सव के तीसरे दिन धार्मिक और सजीव झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। भगवान विष्णु के 12 अवतारों के साथ भगवान नरसिंह के उग्र स्वरूप और मां दुर्गा की सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। झांकियों के दर्शन के दौरान पंडाल जयकारों से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान के स्वरूपों के दर्शन किए।
वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती से गूंजा पंडाल
शाम होते ही पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश का विधि-विधान से पूजन कराया। इसके बाद भव्य महाआरती हुई। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ‘मैं परदेशी हूं, पहली बार आया हूं’ गीत की प्रस्तुति ने माहौल को भावुक कर दिया। गीत सुनकर पंडाल में मौजूद कई माताओं और बहनों की आंखों से आंसू छलक पड़े।
इसके बाद पंडाल ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘नरसिंह भगवान की जय’ के जयघोष से गूंज उठा। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने देर रात तक श्रद्धालुओं को बांधे रखा।
सीसीटीवी से निगरानी, सेवादारों ने संभाली व्यवस्था
आयोजन स्थलों पर सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पंडालों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। कार्यक्रम का मंच संचालन सतीश चंद्र और अनुभव गुप्ता ने किया। वहीं गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष अमित गुप्ता के साथ गोपाल विश्नोई, नित्य प्रकाश वर्मा सहित अन्य सेवादार व्यवस्थाओं को संभालने में जुटे रहे। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

