फर्रुखाबाद |
जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बूथ लेबिल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा फार्म-6 के वितरण, प्राप्ति एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय, तहसील स्तरीय एवं विकास खण्ड स्तरीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं वर्चुअल माध्यम से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची को अधिकाधिक समावेशी एवं अद्यतन बनाने के लिए पात्र नए मतदाताओं को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु फार्म-6 का व्यापक स्तर पर वितरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि 01 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए पात्रता पूरी करने वाले युवाओं एवं अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए जागरूक किया जाए तथा उन्हें फार्म-6 भरने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि बूथ लेबिल अधिकारियों द्वारा जितने फार्म-6 का वितरण किया जा रहा है, उसके सापेक्ष भरे हुए फार्म-6 की प्राप्ति भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। केवल फार्म का वितरण कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित पात्र मतदाताओं द्वारा फार्म भरकर जमा किए जाएं। इसके लिए बीएलओ अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा वितरित फार्मों की प्राप्ति की नियमित समीक्षा करें।
उन्होंने सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाले भरे हुए फार्म-6 का डिजिटाइजेशन अनिवार्य रूप से एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए। फार्म प्राप्त होने के बाद उनके डिजिटाइजेशन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न की जाए। उन्होंने कहा कि फार्म-6 के वितरण, प्राप्ति एवं डिजिटाइजेशन की पूरी प्रक्रिया में निर्धारित समयसीमा एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सम्मिलित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और बूथ स्तर पर अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक पहुंच सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में फार्म-6 के वितरण, प्राप्ति एवं डिजिटाइजेशन की नियमित निगरानी करें तथा बीएलओ के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते रहें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बीएलओ द्वारा फार्म-6 के डिजिटाइजेशन अथवा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी वीरेंद्र सिंह, प्रशिक्षु उप जिलाधिकारी संतोष प्रजापति सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त तहसील एवं विकास खण्ड स्तर के संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।
