यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, 359 वाहनों के चालान कर वसूला 6.01 लाख रुपये समन शुल्क
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए एटा पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।
अभियान के दौरान नेशनल हाईवे पर इंटरसेप्टर वाहन की मदद से ओवरस्पीड वाहनों की जांच की गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 105 चालान किए गए, जिनसे 2 लाख 20 हजार रुपये का समन शुल्क किया गया।
वहीं, ड्रिंक एंड ड्राइव सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इस दौरान 254 चालान कर 3 लाख 81 हजार रुपये का समन शुल्क किया गया। इस प्रकार पुलिस ने कुल 359 चालान करते हुए 6 लाख 1 हजार रुपये का समन शुल्क किया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने और यातायात के सभी नियमों का पालन करने की अपील की।
एटा पुलिस ने आमजन से सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जनपद में चेकिंग एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।
