मोदी के जन्मदिन पर फर्रुखाबाद में सेवा का संकल्प, लोहिया अस्पताल में गूंजा रक्तदान का संदेश |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

Ad image

फर्रुखाबाद/

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को फर्रुखाबाद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज रक्तदान और मरीजों की सेवा के साथ हुआ। जिला मुख्यालय स्थित लोहिया अस्पताल में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और युवाओं ने सहभागिता कर सेवा का संदेश दिया। शिविर के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों और तीमारदारों को फल भी वितरित किए गए।

लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर बनाए गए विशेष पंडाल में सुबह करीब 11:30 बजे सांसद मुकेश राजपूत ने फीता काटकर रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन किया और आम लोगों से भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

‘रक्त की एक बूंद किसी की जिंदगी बचा सकती है’

सांसद मुकेश राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि विशेष रूप से उन मरीजों को रक्त की आवश्यकता होती है, जिनके उपचार के दौरान रक्त की कमी सामने आती है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों का सिलसिला पूरे एक महीने तक जारी रहेगा।

युवाओं ने आगे बढ़कर किया रक्तदान

रक्तदान शिविर में हरिओम, मयंक गुप्ता, अंकित गुप्ता, अमन अवस्थी, ऋषि राठौर और अनुज ने रक्तदान कर सेवा की मिसाल पेश की। रक्तदान करने वाले युवाओं का सांसद और जिलाधिकारी ने उत्साह बढ़ाया। शिविर में मौजूद लोगों ने भी युवाओं के इस कदम की सराहना की।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, भाजपा मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, भाजपा जिला मंत्री सहित सीडीओ, डीडीओ, सीएमओ तथा लोहिया पुरुष एवं महिला अस्पताल के सीएमएस, चिकित्सक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित इस कार्यक्रम में रक्तदान, मरीजों को फल वितरण और सेवा कार्यों के जरिए लोगों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का संदेश दिया गया। अभियान के आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी उत्साह दिखाई दिया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *