फर्रुखाबाद।
नशे की लत को जड़ से मिटाने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को फतेहगढ़ स्थित रखा इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘युवा उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कला, संगीत, कविता और नाटक के माध्यम से समाज को नशामुक्ति का संदेश दिया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बना। खास बात यह रही कि विभिन्न विधाओं में जीजीआईसी की टीम ने अपना दबदबा कायम किया।
युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, जनपद फर्रुखाबाद के तत्वावधान में विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (वीबीवाईडी)-2027 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रही। कार्यक्रम का शुभारंभ रखा इंटर कॉलेज के प्रबंधक राजेश मसीह एवं प्रशांत कटियार ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान अतिथियों ने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ेंगे तो विकसित भारत का सपना साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
युवा उत्सव में पांच विधाओं चित्रकला, कविता लेखन, लोकनृत्य समूह, लोकगीत समूह और नुक्कड़ नाटक की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए नशे के दुष्परिणामों, सामाजिक जागरूकता और विकसित भारत के संकल्प को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। चित्रकला के माध्यम से जहां बच्चों ने रंगों में अपने विचार उकेरे, वहीं कविता और नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के खिलाफ आवाज बुलंद की।
चित्रकला प्रतियोगिता में अंजली ने हासिल किया पहला स्थान
चित्रकला प्रतियोगिता में रखा इंटर कॉलेज की अंजली (पुत्री होरी लाल) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजपूताना इंटर कॉलेज के अभिनव (पुत्र रवेन्द्र सिंह) तथा रखा इंटर कॉलेज की सुधा (पुत्री संजय कुमार) संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। रखा इंटर कॉलेज की प्रिया (पुत्री सर्वेश) ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कविता लेखन में गायत्री ने मारी बाजी
कविता लेखन प्रतियोगिता में गायत्री (पुत्री रवेन्द्र शर्मा) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ की नम्रता (पुत्री घनश्याम) दूसरे तथा पीडी कॉलेज की तान्या (पुत्री सत्यपाल) तीसरे स्थान पर रहीं।
लोकनृत्य और लोकगीत में जीजीआईसी की टीम अव्वल
लोकनृत्य समूह प्रतियोगिता में जीजीआईसी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं लोकगीत समूह प्रतियोगिता में भी जीजीआईसी की टीम ने बाजी मारी। इस टीम में मानसी, चंचल यादव, राधा यादव, सोनम, नित्या, संध्या और अदीबा शामिल रहीं।
नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्त समाज का संदेश
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में जीजीआईसी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं रखा बालिका इंटर कॉलेज की टीम दूसरे स्थान पर रही। इस टीम में संजना, पल्लवी, दिव्यांशी, दिव्या, अनुराधा, रिमा राठौर, रिमा कुशवाहा और प्रतिज्ञा ने प्रतिभाग किया। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को उजागर करते हुए लोगों को जागरूक रहने का संदेश दिया।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन निर्णायक मंडल में शामिल दिव्या सिंह, मंजू, ऋतु सक्सेना, गुलशन जहां एवं प्रवक्ता अनीता सिंह ने किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों, रचनात्मकता और विषय की समझ के आधार पर परिणाम घोषित किए।
कार्यक्रम के समापन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विजेता एवं प्रतिभागियों को उपहार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। साथ ही युवाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी अनुराग, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी पुष्पेन्द्र यादव, युवा कल्याण अधिकारी शुभम सिंह, जीतू सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
