कमालगंज/फर्रुखाबाद।
फर्रुखाबाद जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आरपी डिग्री कॉलेज के बाहर एक युवक का शव पड़ा मिला। सुबह-सुबह शव दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही यूपी-112 की दो गाड़ियां और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी।
मृतक की पहचान जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव बंदरखेड़ा निवासी दीपचंद (पुत्र राकेश कुमार) के रूप में हुई। शव की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अपने परिवार के सदस्य का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों के मुताबिक दीपचंद करीब 14 दिन पहले घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। बताया गया कि उसे शराब पीने की आदत थी और वह अक्सर कई-कई दिनों तक घर से बाहर रहता था। परिजनों ने यह भी बताया कि उसके दाहिने पैर में सेप्टिक की गंभीर समस्या थी। ऐसे में उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज
थानाध्यक्ष दीपक त्रिवेदी ने बताया कि आरपी डिग्री कॉलेज के पास युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव की पहचान कराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
