रिपोर्ट सुधीर सिंह |
कायमगंज/फर्रुखाबाद |
एच.ओ. एकेडमी, नई बस्ती, कायमगंज में देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर एक भव्य मातृ सम्मेलन एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। विद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
इसके पश्चात आयोजित विचार गोष्ठी में मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “माता बच्चों के संस्कारों की प्रथम पाठशाला है। शिशु पिता के अनुशासन और माता के चुंबनों से नागरिकता का पहला पाठ पढ़ता है।”

कार्यक्रम की सम्मानित अतिथि, भाजपा जिला मंत्री एवं प्रांतीय पर्यावरण प्रमुख श्वेता दुबे ने कहा कि नारी सशक्तिकरण की दिशा और दशा हमारी भारतीय संस्कृति के अनुरूप होनी चाहिए। शिशु के निर्माण में मां की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पर्यावरण पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने माताओं से अपील की कि वे अपने बच्चों को प्लास्टिक के टिफिन में भोजन न दें, पॉलिथीन के प्रयोग से बचें, पीने के पानी का संरक्षण करें तथा फिजूलखर्ची से दूर रहें।
विशिष्ट वक्ता एवं साहित्यकार प्रोफेसर रामबाबू मिश्र ‘रत्नेश’ ने कहा कि आज भारतीय नारी को पाश्चात्य सभ्यता की विषाक्तता से बचने की आवश्यकता है। प्रगति के नाम पर अपने परिवार, समाज और संस्कृति को कलंकित करना आत्मघाती है। बीके मिथिलेश ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हर धर्म और मत-मतांतर ने माता को सर्वोच्च दर्जा दिया है। माताओं का कर्तव्य है कि वे अपनी संतानों को प्रारंभ से ही उत्तम शिक्षा और संस्कार दें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवकांत शुक्ला ने कहा कि घर बालक को संस्कार देता है, विद्यालय उसे उचित दिशा देता है और समाज उसे आदर्श प्रदान करता है। शिशु का वर्तमान और भविष्य इन्हीं तीनों स्तंभों पर आधारित होता है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रीता गंगवार ने कहा कि भारतीय धर्मशास्त्रों में माता को पूजनीय माना गया है, और इस गौरव को सुरक्षित रखने की पूरी जिम्मेदारी माता की ही है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक रजत रस्तोगी, अध्यक्ष शुभम रस्तोगी, पारुल रस्तोगी एवं संध्या रस्तोगी ने अपने विचार रखे और सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को विद्यालय की वॉलिंटियर टीम की छात्राओं ने सक्रियता के साथ संभाला। कार्यक्रम का शानदार संचालन सौरभ चतुर्वेदी और नेहा शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर भूतपूर्व विधायक अमर सिंह खटीक, कायमगंज नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. शरद कुमार गंगवार, निर्मला राजपूत, सभासद प्रदीप शाक्य, अनिल गंगवार, आसिफ मंसूरी, के.आर. द्विवेदी, संत गोपाल पाठक, अजीत शाक्य, विपिन पाठक, सिम्मी पाल, असमी खान, वर्षा, मैहर नाज, मुबाशिरा मंसूरी, ज्योति शर्मा और रुखसार बुक डिपो से शाहिद सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
