कायमगंज /फर्रुखाबाद |
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही अवैध आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री का कारोबार भी सक्रिय होने लगा है। इसी बीच कायमगंज पुलिस ने पटवन गली में छापेमारी कर अवैध रूप से रखी गई आतिशबाजी का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 10 कार्टून पटाखे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि पटवन गली निवासी शिवम पुत्र विनोद कुमार अपने पास अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण किए हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां अलग-अलग कंपनियों और किस्मों के पटाखों के 10 कार्टून बरामद हुए। पुलिस ने मौके से शिवम को गिरफ्तार कर लिया।
पटाखों के जखीरे में चकरी, रॉकेट और बमों की भरमार
पुलिस की बरामदगी में एसकेएम कंपनी की 20 पैकेट चकरी, धमाका ग्रीन बम के 18 पैकेट, रॉकेट बम के 30 पैकेट और स्पेशल स्पिनर चकरी के 25 पैकेट शामिल हैं। इसके अलावा सोहला फुलझड़ी के 60 पैकेट, ड्रैगन फाइट बम के 30 पैकेट, किटकैट बम के 20 पैकेट, सोहला कलर फुलझड़ी के 45 पैकेट तथा सुतली बम के 20 पैकेट भी बरामद किए गए।
इतना ही नहीं, पुलिस को मौके से बुलेट बम, सीता-गीता बम, अनार, विभिन्न प्रकार की चकरियां और फुलझड़ियां सहित एक स्काई लालटेन भी मिली। बरामदगी में आतिशबाजी की कई अलग-अलग किस्में मिलने के बाद पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में ले लिया।
विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी शिवम के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 279/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान प्रभारी निरीक्षक सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
