मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ
एटा । राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद एटा में आज दिनांक 02 नवम्बर 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में शपथ ग्रहण एवं जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को तम्बाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा तम्बाकू मुक्त वातावरण के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर बैनर तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों को तम्बाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान एवं इससे बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके।
गोष्ठी के दौरान सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (कोटपा) की प्रमुख धाराओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें धारा-4 के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित होने, धारा-5 के अंतर्गत तम्बाकू उत्पादों के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष विज्ञापन पर प्रतिबंध, धारा-6 के अंतर्गत नाबालिगों को तम्बाकू उत्पादों की बिक्री तथा शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध और धारा-7 के अंतर्गत तम्बाकू उत्पादों पर निर्धारित स्वास्थ्य संबंधी चित्रात्मक चेतावनी प्रदर्शित किए जाने के प्रावधानों से अवगत कराया गया।
इस दौरान उपस्थित विभिन्न थानों के थाना प्रभारियों (एसएचओ) से अपील की गई कि वे अपने-अपने थानों को तम्बाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करें तथा अभियान के सफल क्रियान्वयन में सहयोग प्रदान करें। साथ ही, तम्बाकू नियंत्रण से संबंधित कानूनी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराने एवं जनसामान्य को जागरूक करने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राममोहन तिवारी, जिला सलाहकार डॉ. अमन प्रताप सिंह, सुधीर मिश्रा, राजीव शर्मा, योगेश कुमार, अरविन्द कुमार धाकड़, होतेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
