फर्रुखाबाद |
फर्रुखाबाद में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करने पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को साफ संदेश दे दिया कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही, किसानों का शोषण और जनता की समस्याओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने खाद की कालाबाजारी, ओवररेटिंग और अवैध भंडारण करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराने की हिदायत दी।
बैठक में मंत्री जयवीर सिंह ने शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने की जरूरत है।
खाद की कालाबाजारी की शिकायत मिली तो विक्रेता के साथ अधिकारी भी होंगे जवाबदेह
किसानों को खाद मिलने में होने वाली परेशानी और उर्वरकों की बिक्री में अनियमितताओं को लेकर प्रभारी मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खाद की ओवररेटिंग, कालाबाजारी और अवैध भंडारण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। निजी दुकानदार निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचते पाए गए तो उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।
मंत्री ने सहायक आयुक्त एवं निबंधक को निर्देश दिए कि जिले की किसी भी सहकारी समिति में खाद का भंडार शून्य नहीं रहना चाहिए। किसानों को उनकी जरूरत के मुताबिक समय से खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद वितरण में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर केवल विक्रेता ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।
जनप्रतिनिधियों की बात अनसुनी की तो अधिकारियों की खैर नहीं
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लगातार संपर्क में रहें। उनके माध्यम से आने वाली जनसमस्याओं और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को टालने के बजाय उनका समाधान करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विकास योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अपात्रों को नहीं मिलेगा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि योजना में केवल निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले परिवारों को ही शामिल किया जाए। लाभार्थियों के चयन में शासन के नियमों का पूरी तरह पालन हो, ताकि सरकारी धन का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों को मिल सके।
वहीं फैमिली आईडी योजना की धीमी प्रगति पर भी उन्होंने तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप परिवारों की आईडी बनाने का काम पूरा किया जाए, जिससे पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
दीपावली पर बिजली गुल हुई तो अधिकारियों से होगी जवाबदेही
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। लोकल फॉल्ट और तकनीकी खराबियों के कारण बिजली बाधित न हो, इसके लिए पहले से जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। बिजली संबंधी शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया जाए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने नई सड़कों के निर्माण और खराब सड़कों की मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी न हो और अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में परेशानी न उठानी पड़े।
लाभार्थियों के चेहरे खिले, किसी को मिली ट्राइसाइकिल तो किसी को आवास की चाबी
समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह और मौजूद जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, कृषि यंत्र, मिनी किट, नियुक्ति पत्र और आवास की चाबियां वितरित कीं।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से पांच दिव्यांग लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल दी गईं। उद्यान विभाग के पांच लाभार्थियों को चेक और दस को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कृषि विभाग की ओर से दो किसानों को कृषि यंत्र तथा पांच लाभार्थियों को मिनी किट वितरित की गईं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रिवॉल्विंग फंड के चेक दिए गए, जिससे उनके समूह की आर्थिक गतिविधियों और स्वरोजगार को बढ़ावा मिल सके। समाज कल्याण विभाग की राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के पांच पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए।
पंचायती राज विभाग के तीन सफाई कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के दो लाभार्थियों को उनके नवनिर्मित मकानों की चाबियां सौंपी गईं। वहीं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पांच लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए।
मंत्री ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, जरूरतमंदों, किसानों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे।
गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमा भेंट कर डीएम ने किया स्वागत
दीपावली के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जिला प्रशासन की ओर से प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह को भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने विभागवार उपलब्धियों और लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी दी।
इस मौके पर जिला पंचायत प्रशासक मोनिका यादव, सदर विधायक सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, उप निदेशक कृषि अरविंद मोहन, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी, उपायुक्त उद्योग सोनल जिंदल, सहायक निदेशक मत्स्य सुप्रिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
