कायमगंज /फर्रुखाबाद।
सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही का कहर एक बार फिर देखने को मिला। कायमगंज तहसील क्षेत्र के अचरा गांव के पास देर शाम अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में महिला के पति और एक साल की मासूम बेटी सुरक्षित बच गए। जिस परिवार में कुछ देर पहले तक खुशियों का माहौल था, वहां हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, लालपुर पट्टी गांव निवासी रीता अपने पति कुलवंत सिंह और एक वर्षीय बेटी कृतिका के साथ बाइक से नवाबगंज स्थित अपने मायके जा रही थीं। परिवार अभी अचरा गांव के पास पहुंचा ही था कि तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रीता बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रीता को तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की इस सूचना से परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
रीता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पति कुलवंत सिंह और मासूम बेटी कृतिका तो हादसे में सुरक्षित बच गए, लेकिन परिवार की खुशियां हमेशा के लिए बिखर गईं। बताया गया कि रीता की शादी करीब तीन वर्ष पहले कुलवंत सिंह के साथ हुई थी। एक वर्षीय बेटी के सिर से मां का साया उठ जाने से हर किसी की आंखें नम हो गईं।
कार्रवाई के बाद परिजन रीता के शव को गांव वापस ले आए। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। हर कोई यही कह रहा है कि एक अज्ञात वाहन की टक्कर ने हंसते-खेलते परिवार की जिंदगी में ऐसा अंधेरा भर दिया, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
