मोहम्मदाबाद /फर्रुखाबाद।
दीपावली का पर्व जहां लोग अपने परिवार और अपनों के बीच रहकर खुशियां मनाते हैं, वहीं साहसी बालिका संस्था कायमगंज ने समाजसेवा की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए उन बुजुर्गों के बीच पहुंचकर त्योहार मनाया, जिनके जीवन में अपनों के साथ की कमी है। संस्था की इस पहल ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्ग पुरुषों एवं महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।

साहसी बालिका संस्था की खुशबू मिश्रा एवं शिल्की मिश्रा के नेतृत्व में संस्था की टीम मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम सिरोली स्थित वृद्धाश्रम पहुंची। यहां सभी ने बुजुर्गों के साथ आत्मीयता से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों को गर्म शॉल, कैप, खील, खिलौने, मिठाई, फल, मोमबत्ती, माचिस सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
सामग्री पाकर बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। संस्था के सदस्यों ने केवल उपहार वितरित करके ही अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की, बल्कि बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनसे बातचीत की और उन्हें परिवार जैसा अपनापन देने का प्रयास किया। इसके बाद सभी ने मिलकर झुझुरिया, अनार आदि चलाकर दीपावली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया। आतिशबाजी और खुशियों के बीच वृद्धाश्रम का वातावरण दीपावली के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मैनेजर श्री धर्मेंद्र शाह, जिला पंचायत प्रतिनिधि श्री मनोज मिश्रा, अंकुर गुप्ता, छविराम एवं बबलू यादव की विशेष उपस्थिति रही। वहीं संस्था की ओर से अंकुर मिश्रा, चिराग, संजना, दिव्या, गरिमा, अंजू, चांदनी, किरन कनक, शीतल, नेहा, कुमकुम, अनुष्का सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से संस्था ने समाज को यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खुशी केवल अपने घर को रोशन करने में नहीं, बल्कि उन लोगों के जीवन में खुशियां बांटने में है, जिन्हें स्नेह और अपनेपन की सबसे अधिक आवश्यकता है। साहसी बालिका संस्था की इस संवेदनशील पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
