आम के बाग में मिला अज्ञात युवक का संदिग्ध शव, शरीर का ऊपरी हिस्सा झुलसा, पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

कायमगंज/कंपिल/फर्रुखाबाद।

कंपिल थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गांव स्थित एक आम के बाग में बुधवार को एक अज्ञात युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। करीब 30 वर्षीय युवक का शव झाड़ियों के बीच औंधे मुंह पड़ा मिला। शव का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह झुलसा हुआ था तथा शरीर पर छाले पड़े होने के कारण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार खेतलपुर सौरिया निवासी अवनीश राजपूत बुधवार दोपहर अपने साथियों के साथ बरखेड़ा गांव के निकट स्थित आम के बाग में मूंगफली की फसल देखने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर बाग के किनारे झाड़ियों में पड़े एक शव पर पड़ी। शव देखकर उनके होश उड़ गए। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही कंपिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जब पुलिस ने शव को सीधा किया तो युवक का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह काला पड़ा हुआ मिला। शरीर पर कई स्थानों पर छाले भी दिखाई दिए। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंका गया हो सकता है।

पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान मृतक की जेब से 60 रुपये नकद बरामद हुए। हालांकि उसके पास ऐसा कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। युवक की पहचान न हो पाने से पुलिस की जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर विभिन्न नमूने और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के गांवों तथा पड़ोसी जिलों के थानों से भी संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है, ताकि मृतक की पहचान स्थापित की जा सके।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शव की हालत सामान्य मौत की ओर इशारा नहीं करती, इसलिए मामले की गहन जांच की जानी चाहिए। वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

कंपिल थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में युवक के चेहरे को तेजाब से जलाए जाने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत स्वाभाविक थी, दुर्घटनावश हुई या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *