कायमगंज /फर्रुखाबाद/
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में कायमगंज नगर इकाई द्वारा आध्यात्मिक आस्था और सम्मान का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास जी महाराज का नगर अध्यक्ष अमर गुप्ता, महामंत्री रिंकू कौशल अर्चित गुप्ता, आदित्य गुप्ता,अंकित गुप्ता एवं व्यापार मंडल की पूरी टीम ने अपने प्रतिष्ठान पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
महंत ईश्वर दास जी महाराज के आगमन पर व्यापारियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर तथा सम्मान स्वरूप पटका ओढ़ाकर अभिनंदन किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने महंत जी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, व्यापार की उन्नति तथा समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने का आशीर्वाद प्राप्त किया।
जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने कहा कि संत-महात्माओं का सान्निध्य समाज को नई दिशा और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उनके आशीर्वाद से जीवन में नैतिक मूल्यों, सेवा और मानवता की भावना मजबूत होती है। नगर अध्यक्ष अमर गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल हमेशा सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेता रहा है और आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
महामंत्री रिंकू कौशल ने कहा कि संतों का सम्मान भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने सभी व्यापारियों से समाजहित और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में महंत ईश्वर दास जी महाराज ने सभी उपस्थित व्यापारियों को आशीर्वचन देते हुए आपसी एकता, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ कार्य करने का संदेश दिया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
