रिपोर्ट संजीव सक्सेना |
फर्रुखाबाद।
थाना मऊदरवाजा पुलिस ने अपने ही पिता की निर्मम हत्या करने के आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मोहम्मदाबाद चौराहे से पकड़कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना मऊदरवाजा अध्यक्ष अजब सिंह ने बजरिया चौकी इंचार्ज यतेन्द्र सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों के सहयोग से कार्रवाई करते हुए ग्राम अर्रा पहाड़पुर निवासी अनिल पुत्र रामसनेही को गिरफ्तार किया।
क्या था पूरा मामला?
ग्राम अर्रा पहाड़पुर निवासी देवेंद्र पुत्र रामनाथ ने 24 अप्रैल को अपने चाचा रामसनेही की हत्या के संबंध में उनके बेटों—ओंकार और अनिल के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच थानाध्यक्ष अजब सिंह स्वयं कर रहे थे।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस हिरासत में आए 45 वर्षीय आरोपी अनिल ने कड़ाई से पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया। अनिल ने पुलिस को बताया कि जमीन के विवाद को लेकर उसने अपने भाई ओंकार के साथ मिलकर 27 अप्रैल को पिता रामसनेही की हत्या कर दी थी। वारदात के समय अनिल ने पिता के हाथ जकड़ लिए थे, जबकि ओंकार ने हाथ में पहने कड़े से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद अनिल ने भी पिता के सिर पर ईंट से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था।

