व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुने पुलिस, तभी बढ़ेगा सुरक्षा का भरोसा: सन्देश अग्रवाल |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
5 Min Read

कानपुर जोन की एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने व्यापारियों से किया संवाद, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

फर्रुखाबाद/

उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान जिले में पहुंचीं कानपुर जोन की एडीजी श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में व्यापारियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। बैठक में पुलिस प्रशासन और व्यापार मंडल के बीच बेहतर समन्वय तथा व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने की।

बैठक के दौरान युवा जिलाध्यक्ष सन्देश अग्रवाल ने व्यापारियों की ओर से अपनी बात रखते हुए कहा कि थानों और पुलिस चौकियों पर व्यापारियों की शिकायतों और समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना एवं समझा जाए, जिससे व्यापारी वर्ग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या विवाद की स्थिति में पुलिस को निष्पक्षता के साथ व्यापारियों का पक्ष भी गंभीरता से सुनना चाहिए। उनकी इस मांग पर एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित बिंदुओं को नोट कराया और आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

सन्देश अग्रवाल ने जिले में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में व्यापारियों को सुरक्षा का बेहतर माहौल मिला है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने एडीजी का स्वागत करते हुए कहा कि पुलिस विभाग और व्यापार मंडल के बीच बेहतर तालमेल कायम है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों संस्थाएं आगे भी कंधे से कंधा मिलाकर समाज और व्यापारिक हितों के लिए कार्य करती रहेंगी। उन्होंने कायमगंज एवं फर्रुखाबाद क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का संकलन कर एक विस्तृत ज्ञापन एवं फाइल एडीजी को सौंपते हुए समाधान की मांग की। एडीजी ने फाइल का अवलोकन कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में युवा जिला महामंत्री प्रबल माहेश्वरी ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने अपनी दुकानों पर निजी सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए हैं, लेकिन प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, पुलिस थानों के आसपास तथा सार्वजनिक स्थलों पर नगर पालिका और प्रशासन की ओर से आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए। इससे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने सभी व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुना और फर्रुखाबाद की कानून व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश में भयमुक्त समाज और सुरक्षित व्यापारिक वातावरण स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की सुरक्षा पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है तथा किसी भी व्यापारी को अनावश्यक परेशान नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसका त्वरित और निष्पक्ष समाधान कराया जाएगा।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेन्द्र राठौर, जिला संगठन मंत्री नीरज राठौर, युवा जिला मंत्री अर्पण अग्रवाल, युवा फतेहगढ़ अध्यक्ष संदीप सक्सेना, शिवम सक्सेना, युवा मीडिया प्रभारी राहुल श्रीवास्तव, युवा सेंट्रल जेल मंत्री विशाल कश्यप, युवा सेंट्रल जेल उपाध्यक्ष अमरदीप शाक्य, विधानसभा अध्यक्ष मोहित बागड़ी सहित व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत बनाना तथा व्यापारिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित और विश्वासपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना रहा। व्यापारियों ने भी प्रशासन द्वारा समस्याओं को गंभीरता से सुनने और समाधान का भरोसा देने पर संतोष व्यक्त किया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *