फर्रुखाबाद।
अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर कस्बा अमृतपुर स्थित अंबेडकर पार्क में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत और अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांसद मुकेश राजपूत द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा की साफ-सफाई से की गई। इसके पश्चात उन्होंने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक सुशील कुमार शाक्य ने भी पुष्प अर्पित करते हुए बाबा साहब के विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर करीब एक सैकड़ा भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। “बाबा साहब अमर रहें” के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। लोगों ने धूपबत्ती और दीप जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
नेताओं ने बताया कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंगलवार को अमृतपुर स्थित अंबेडकर पार्क में सुबह 10 बजे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और बाबा साहब के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के संयोजक मण्डल मंत्री जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की सहभागिता के लिये सभी क्षेत्र वासियों से अम्बेडकर पार्क मे आने का अनुरोध किया है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता भास्कर दत्त द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष नीरज अवस्थी,पूर्व उपाध्यक्ष आलोक बाजपेई,मण्डल महामंत्री विश्व प्रताप सिंह उर्फ चीनू, मण्डल मंत्री जितेन्द्र प्रताप सिंह,संदीप तिवारी, सोशल मीडिया प्रभारी रक्षपाल कुशवाह, अनुभव चित्रांश,बूथ अध्यक्ष जय पाल कुशवाहा, सुशील सजक,राजेश नरेश,सहित बड़ी संख्या में कस्बावासी उपस्थित रहे।
