दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता की जिंदगी! मासूम बेटे संग मारपीट कर घर से निकाला, हालत गंभीर |

2 Min Read

राजेपुर/अमृतपुर/फर्रुखाबाद |

थाना राजेपुर क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को बेरहमी से पीटकर घर से निकाल देने का आरोप लगा है। घायल हालत में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद पीड़िता के मायके पक्ष में भारी आक्रोश व्याप्त है।

थाना क्षेत्र के गांव सबलपुर निवासी 23 वर्षीय अनामिका पत्नी अमित ने आरोप लगाया कि उसकी शादी करीब चार वर्ष पूर्व जनपद फिरोजाबाद में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति और जेठ द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

पीड़िता का आरोप है कि दो दिन पूर्व ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। किसी तरह वह अपने मायके पहुंची, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

महिला की मौसी आरती ने बताया कि अनामिका का दो वर्ष का एक मासूम पुत्र भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे उसकी हालत लगातार खराब होती चली गई। परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं थाना राजेपुर प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *