जीएम का कानपुर-फर्रुखाबाद रेलखंड पर सघन निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को परखा |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

Ad image

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने शुक्रवार को कानपुर अनवरगंज-फर्रुखाबाद रेलखंड का सघन निरीक्षण कर रेलवे की व्यवस्थाओं की नब्ज टटोली। महाप्रबंधक ने विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान ट्रेन से सफर करते हुए रेलवे ट्रैक से लेकर ओएचई, प्वाइंट-क्रॉसिंग, समपार फाटकों और बड़े पुलों तक की स्थिति को बारीकी से परखा। इसके बाद शाम करीब सवा तीन बजे फर्रुखाबाद स्टेशन पहुंचकर उन्होंने एक घंटे से अधिक समय तक अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक के निरीक्षण से रेलवे अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों में दिनभर खलबली मची रही। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कराई जाएं।

चलती ट्रेन से परखी पटरी और सुरक्षा व्यवस्था

विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान जीएम ने रेलखंड की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी। रेल पटरी, ओएचई, प्वाइंट-क्रॉसिंग, समपार फाटक और बड़े पुलों की स्थिति को देखा गया। अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मंधना में एलिवेटेड कॉरिडोर का ले-आउट देखा

मंधना स्टेशन पर महाप्रबंधक ने कानपुर अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का ले-आउट देखा। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक यात्री सुविधाओं में तेजी से बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए।

कन्नौज में लिफ्ट-एस्केलेटर से लेकर एफओबी तक पड़ताल

कन्नौज स्टेशन पहुंचकर जीएम ने निर्माणाधीन लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया। इसके साथ ही रेलवे कॉलोनी की व्यवस्थाओं को भी देखा। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।

गुरसहायगंज में पानी की शुद्धता भी मौके पर परखी

गुरसहायगंज स्टेशन पर महाप्रबंधक ने आधुनिक शौचालय, प्रतीक्षालय और निर्माणाधीन पानी की टंकी का निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि उन्होंने यात्रियों को मिलने वाले पेयजल की गुणवत्ता को भी गंभीरता से लिया। मौके पर पानी में अवशिष्ट क्लोरीन और बैक्टीरियोलॉजिकल जांच कराई गई।

फर्रुखाबाद स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया से गुड्स शेड तक निरीक्षण

फर्रुखाबाद स्टेशन पहुंचने के बाद महाप्रबंधक ने सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, गुड्स शेड और पार्सल ऑफिस का निरीक्षण किया। स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो जिम्मेदारी तय होगी

निरीक्षण के दौरान जीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। निर्माण में गुणवत्ता, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुज मित्तल, मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *