Mainpuri : सड़क हादसा: अनियंत्रित कंटेनर की टक्कर से मां और दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत, पिता का पैर कटा और हालत गंभीर
मैनपुरी (अजय किशोर) मैनपुरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को उजाड़ दिया। बेवर थाना क्षेत्र में NH-34 पर कपिल मुनि आश्रम के पास मंगलवार तड़के करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार परिवार को रौंद दिया। एलाऊ थाना क्षेत्र के कच्छपुरा गांव के निवासी 32 वर्षीय बॉबी, जो कलेक्ट्रेट में संविदा कर्मचारी हैं, मंगलवार को अपनी ससुराल में श्राद्ध कार्यक्रम के बाद अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ तड़के 4 बजे बाइक से घर लौट रहे थे।
घटना के दौरान पीछे से आए स्पोर्ट्स शूज़ से भरे एक कंटेनर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक वाहन के पिछले हिस्से में फंस गई। इस भयानक हादसे में 30 वर्षीय सुमन और उनकी 4 साल की बेटी प्रियांशी करीब 500 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गईं, जिससे उनके शरीर के चीथड़े उड़ गए, जबकि 1 साल की छोटी बच्ची लाली कंटेनर के पहिए के नीचे आ गई। इस वीभत्स दुर्घटना में मां और दोनों मासूम बेटियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं बाइक सवार पिता बॉबी का एक पैर कटकर अलग हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद भी चालक नहीं रुका और कंटेनर को लगभग 3 किलोमीटर तक भगाता रहा, जिसके कारण रगड़ से बाइक में आग लग गई और धीरे-धीरे आग कंटेनर के पहियों और निचले हिस्से तक फैल गई। वाहन में आग सुलगती देख चालक कंटेनर रोककर भागने की कोशिश करने लगा, जिसे आसपास के सतर्क राहगीरों ने दौड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस भीषण आग की चपेट में आने से मोटरसाइकिल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने मृतकों के शवों को पॉलिथीन में भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, तथा घायल बॉबी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। आरोपी कंटेनर चालक को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है।

