चोरों ने पालिका के तीन टयूबेलों की काटी केबिल, तीन टयूबेलों की केबलें चोरी कर कोतवाली पुलिस को दी चुनौती
(संवाददाता योगेन्द्र प्रताप सिंह, जलेसर)
जलेसर। एटा। उत्तर प्रदेश। जनपद एटा में नगर जलेसर में निरन्तर बढ़ती जा रही चोरी की वारदातों ने नगर के लोगों को दहशतजदा बना दिया है। मकान से चोरी और वाहनों की बैटरी चोरी की वारदातों का कोतवाली पुलिस अभी पर्दाफाश नही कर पाई है, कि चोरों ने तहसील परिसर स्थित ट्यूबेल सहित पालिका के तीन टयूबेलों से केबलें चोरी कर कोतवाली पुलिस को एक और चुनौती दे डाली है। तहसील परिसर स्थित ट्यूबेल से केबिल चोरी की घटना के बाद नगर के लोगों में भय का माहौल बन गया है। बुधवार को नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी प्रद्युम्न कुमार द्वारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को दी गई तहरीर में कहा गया है, कि बीती रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा नगर के मोहल्ला नकटा कुंआ, कुशवाह समाज के शमसान तथा तहसील परिसर स्थित नगर पालिका परिषद के ट्यूबेलों से विद्युत केबिल काट ली गई है। जिससे प्रभावित मोहल्लो की जल आपूर्ति ठप्प पड़ी हुई है।
ईओ द्वारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक से उक्त घटनाओं के खुलासे एवं आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की अपेक्षा की गई है। विदित हो कि इस घटना कुछ दिन पूर्व अज्ञात चोरों द्वारा रेलवे स्टेशन रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र से एक उद्यमी के ट्रैक्टर की बैटरी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस घटना का कोतवाली पुलिस अभी तक सुराग नही लगा पाई है। इस घटना से एक रात्रि पूर्व नगर में ही अज्ञात चोरों द्वारा एक अन्य वाहन से बैटरी चोरी की गई थी। यह घटना भी खुलासे के इंतजार में है। वही नगर में बढ़ती जा रही बारदातों से नगर की सुरक्षा व्यवस्था की कलई खुल गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दीक्षित ने बताया कि नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी की तहरीर पर घटनाओं का अभियोग दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।

