विशेष रोजगार सृजन दिवस की तैयारियों को लेकर CDO सख्त, लक्ष्य न पूरा करने पर 13 पंचायत सचिवों समेत कई पर गिरी गाज |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
5 Min Read

फर्रुखाबाद।

Ad image

12 अक्टूबर को प्रस्तावित विशेष रोजगार सृजन दिवस को लेकर विकास विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के सभी विकास खंडों में संचालित विकास कार्यों और विकसित भारत-जी राम जी (VB-GRAM G) की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली परखी। समीक्षा में कई स्थानों पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं मिलने और जिम्मेदार कार्मिकों द्वारा दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरते जाने पर सीडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में विकास खंडों में तैनात अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और ग्राम पंचायत सचिवों की उपस्थिति के साथ-साथ उनके क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान कुछ विकास खंडों में कार्यों की रफ्तार अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिली। शासन स्तर से निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा कराने में लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष रोजगार सृजन दिवस के तहत जनपद को 29 हजार मानव दिवस का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक जरूरतमंद श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में रोजगार सृजन की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

13 ग्राम पंचायत सचिव और तीन तकनीकी सहायक निशाने पर

समीक्षा के दौरान कार्यों की धीमी गति और जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही मिलने पर 13 ग्राम पंचायत सचिवों और तीन तकनीकी सहायकों के संबंध में चेतावनी एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल कागजी प्रगति दिखाने के बजाय मौके पर वास्तविक कार्य और श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की स्थिति सुनिश्चित की जाए।

ग्राम विकास अधिकारी पर निलंबन की तलवार

विकास खंड राजेपुर के ग्राम विकास अधिकारी अतुल अग्निहोत्री के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। समीक्षा में शासकीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने, VB-GRAM G में रुचि नहीं लेने, बैठक में अनुपस्थित रहने तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद उनके विरुद्ध निलंबन/अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

लक्ष्य नहीं पूरा किया तो रोजगार सेवकों की सेवा पर भी संकट

सीडीओ ने उन ग्राम रोजगार सेवकों को भी चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं, जिनके क्षेत्रों में कार्यों की प्रगति लगातार धीमी है और निर्धारित रोजगार लक्ष्य हासिल नहीं किया जा रहा है। ऐसे ग्राम रोजगार सेवकों के विरुद्ध नियमानुसार सेवा समाप्ति की कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना है। VB-GRAM G के अंतर्गत होने वाले कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार देने के साथ कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और अभिलेखों के उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में लक्ष्य की पूर्ति में शिथिलता, कार्यों में लापरवाही अथवा शासन के निर्देशों की अवहेलना सामने आने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

विशेष रोजगार सृजन दिवस को लेकर प्रशासन की सख्ती के बाद अब विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में रोजगार सृजन के लक्ष्य को लेकर जिम्मेदार कर्मचारियों पर निगरानी बढ़ गई है। अब देखना होगा कि 12 अक्टूबर को प्रस्तावित विशेष रोजगार सृजन दिवस तक विभाग निर्धारित 29 हजार मानव दिवस के लक्ष्य को किस हद तक पूरा कर पाता है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *