फर्रुखाबाद।
बढ़पुर इलाके में देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महावीर कोल्ड स्टोरेज के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक बाइक सवार युवक सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायल युवक की पहचान कन्नौज जनपद के हैदरपुर गांव निवासी 18 वर्षीय शिवा पुत्र दीपक के रूप में हुई है। बताया गया कि शिवा अपना आधार कार्ड सही कराने के सिलसिले में फर्रुखाबाद आया था। आधार कार्ड से संबंधित काम निपटाने के बाद वह अपनी नानी के घर जाने के लिए बाइक से निकला था।
बताया जा रहा है कि शिवा रेलवे स्टेशन की ओर से जा रहा था। जैसे ही वह महावीर कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। अचानक हुई टक्कर से शिवा बाइक समेत सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट आई।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सड़क पर घायल युवक को पड़ा देखकर लोगों ने बिना देर किए मदद की और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए मौके पर भीड़ जमा रही।
लोहिया अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने घायल शिवा की जांच की। चिकित्सकीय जांच में उसके पैर में फ्रैक्चर पाया गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
फिलहाल घायल युवक का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद दूसरी बाइक और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

