Mainpuri News : अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सड़कों पर उतरे सपाइयों का जोरदार प्रदर्शन
मैनपुरी (अजय किशोर) दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने की खबर मिलते ही मैनपुरी में सियासी हलचल तेज हो गई। सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में पार्टी कार्यालय पर एकत्र हो गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के साथ-साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना तीव्र रोष व्यक्त किया।
पार्टी कार्यालय पर प्रदर्शन के पश्चात आक्रोशित सपा कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में आगे बढ़े और शहर के प्रमुख मार्ग से होते हुए ईशन नदी तिराहे पर पहुंचे। ईशन नदी तिराहे पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की पुरजोर मांग की। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और आक्रोश देखने को मिला, जिसके चलते कुछ देर के लिए इलाके में गहमागहमी का माहौल बना रहा।

