कंपिल/फर्रुखाबाद।
ई-रिक्शा में सवारी बनकर बैठीं महिलाओं द्वारा दो बहनों के पर्स से सोने के कुंडल, पांच हजार रुपये और आधार कार्ड चोरी करने के मामले में कंपिल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पहचान के आधार पर दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये की नकदी बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी अभिषेक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रविवार को फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के रोशनाबाद गांव से अपनी बहनों रूपवती और पार्वती को ई-रिक्शा से अपने घर ले जा रहा था। इसी दौरान कंपिल चौराहे के पास मंदिर के निकट दो महिलाएं ई-रिक्शा में सवार हो गईं। दोनों ने खुद को सवारी बताते हुए कलान जाने की बात कही।
ई-रिक्शा गांव इकलहरा के पास पहुंचा तो दोनों महिलाओं ने पीछे से बाइक आने की बात कहते हुए वाहन रुकवा लिया और उतर गईं। महिलाओं के उतरने के बाद दोनों बहनों को अपने पर्स को लेकर शक हुआ। जब उन्होंने पर्स खोले तो उसमें रखे सोने के कुंडल, पांच हजार रुपये और आधार कार्ड गायब मिले। दोनों बहनों के होश उड़ गए।
बताया गया कि इसी दौरान पीछे से एक बाइक वहां पहुंची, जिस पर चारों महिलाएं बैठकर फरार हो गईं। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने रवीना पत्नी सुशील और उषा पत्नी बच्चू निवासी सरानी, थाना अवागढ़, जनपद एटा, तथा गौतम पुत्र जगन सिंह निवासी दिउरिया, थाना पुवायां, जनपद शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष नितिन कुमार चौधरी ने बताया कि पहचान के आधार पर दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में कुछ अन्य आरोपियों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

