मैनपुरी में आशा संगिनियों की हुंकार: नियमितीकरण और बेहतर मानदेय को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
मैनपुरी (अजय किशोर) ऑल इंडिया आशा बहू कार्यकत्री कल्याण सेवा समिति के नेतृत्व में आशा एवं आशासंगिनी कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष रेखा यादव की अगुवाई में जुटी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा और उनसे सीधी बातचीत कराने का समय मांगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख कार्यों को निष्ठापूर्वक निभाने के बावजूद उन्हें अब तक राज्य कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है और वे बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित हैं।
कार्यकर्ताओं ने अपनी मुख्य मांगों में नियमित नियुक्ति देने, 21 हजार रुपये मानदेय व 26 हजार रुपये तक वेतन तय करने के साथ-साथ क्षेत्र में आवागमन के लिए स्कूटी उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार द्वारा अन्य संविदा व मानदेय कर्मियों की मांगों पर ध्यान दिया जा रहा है, जबकि लगातार ज्ञापन देने के बाद भी आशा बहुओं की समस्याओं का ठोस समाधान नहीं निकाला गया है, जिससे उनमें गहरा असंतोष है।
अपनी मांगों पर जल्द सुनवाई न होने की स्थिति में आशा कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल खोखले आश्वासनों से काम नहीं चलेगा और यदि सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे मैनपुरी से लखनऊ तक अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगी। साथ ही, उपेक्षा जारी रहने पर उन्होंने आगामी चुनावों में पूर्ण बहिष्कार और मतदान न करने का ऐलान किया है।
