नगरीय निकायों में राजस्व वृद्धि, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता पर दें विशेष ध्यान: डीएम

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
3 Min Read

नगरीय निकायों में राजस्व वृद्धि, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता पर दें विशेष ध्यान: डीएम

अतिक्रमण हटाकर वेंडरों को निर्धारित स्थानों पर बसाने के निर्देश, लंबित प्रमाण पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर

एटा । जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने नगरीय निकायों एवं डूडा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राजस्व वृद्धि, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को आय बढ़ाने के लिए राजस्व के नए स्रोत तलाशने और प्रभावी कदम उठाने को कहा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर नगर क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त रखने तथा खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। नई लाइटें लगाते समय उनकी सुरक्षा के लिए ग्रिल लगाने को भी कहा, ताकि बंदरों से उन्हें नुकसान न पहुंचे।

जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल की ओर से प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए दिए गए प्रस्ताव पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर लगे फूल-पौधों और हरियाली की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरों में अतिक्रमण की समस्या दूर करने के लिए वेंडरों को चिह्नित कर उनके लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित किए जाएं और उन्हें व्यवस्थित तरीके से स्थापित किया जाए। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु रहेगी और आमजन को आवागमन में परेशानी नहीं होगी।

डीएम ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों से संबंधित लंबित प्रकरणों को निर्धारित समयसीमा में निस्तारित कर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्ड सभासदों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया, ताकि जन्म और मृत्यु की सूचना समय से संबंधित नगरीय निकाय में दर्ज हो सके। साथ ही नगरीय निकायों की संपत्तियों का रजिस्टर अद्यतन रखने और उनका नियमानुसार सत्यापन कराने को कहा।

बैठक में नगरीय निकायों की गौशालाओं के माध्यम से आय बढ़ाने की संभावनाओं पर कार्य करने तथा लंबे समय से लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने और इसका उपयोग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने डूडा विभाग द्वारा प्रायोजित शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सहित सभी नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *