बीएलओ निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप घर-घर जाकर विलोपित मतदाताओं का करें सत्यापन: जिलाधिकारी

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
3 Min Read

बीएलओ निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप घर-घर जाकर विलोपित मतदाताओं का करें सत्यापन: जिलाधिकारी

मैनपुरी 17 अक्टूबर (अजय किशोर) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘बूथ दिवस’ के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने तहसील कुरावली तथा सदर के कई मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को कड़े निर्देश दिए कि वे अपने-अपने बूथों की ए.एस.डी. (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं डुप्लीकेट) सूची का सही ढंग से मिलान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि एस.आई.आर. के दौरान किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से कट गया है, तो तत्काल फॉर्म-6 भरवाकर उसे मतदाता सूची में पुनः शामिल कराया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मलखान सिंह इंटर कॉलेज, लल्लू सिंह इंटर कॉलेज कुरावली, कंपोजिट विद्यालय गोला बाजार, विकास खंड सदर परिसर तथा कंपोजिट विद्यालय आवास विकास स्थित विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि 23 अक्टूबर तक ऐसे सभी मतदाताओं के घरों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान बूथों पर मेज, कुर्सी, छाया और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव मिलने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी में अनुपस्थित और लापरवाह अधिकारियों व बीएलओ को नोटिस जारी करने का आदेश भी दिया।

जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियादी इकाई है, इसलिए इसके पुनरीक्षण कार्य को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पूरा किया जाए। निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या गैर-जिम्मेदारी पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कठोरतम दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान बीएलओ ने जानकारी दी कि घर-घर जाकर सत्यापन कार्य तेजी से किया जा रहा है और मौके पर ही पात्र छूटे हुए मतदाताओं से फॉर्म-6 भरवाकर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, उप जिलाधिकारी कुरावली प्रदीप कुमार सिंह, तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी तथा राजस्व निरीक्षक बृजेश राठौर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *