फर्रुखाबाद न्यूज़:- महाकाल पालकी यात्रा से लापता बच्ची गऊ टोला रोड पर मिली, रातभर चला सर्च ऑपरेशन |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद ।

Ad image

महाकाल पालकी यात्रा देखने निकली आठ वर्षीय बच्ची के अचानक लापता होने से कायमगंज कस्बे में देर रात हड़कंप मच गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में बच्ची दो अज्ञात युवकों के पीछे जाती दिखाई दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमें गठित कर सघन खोजबीन शुरू कर दी। रातभर हुई तेज बारिश के बावजूद पुलिस, एसओजी और डॉग स्क्वाड की टीमें बच्ची की तलाश में जुटी रहीं। आखिरकार मंगलवार तड़के बच्ची को गऊ टोला रोड स्थित एक स्कूल के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, कायमगंज के मोहल्ला बजरिया रामलाल निवासी जितेंद्र उर्फ छोटे शर्मा की आठ वर्षीय बेटी मानसी सोमवार रात कस्बे में निकली महाकाल पालकी यात्रा देखने गई थी। यात्रा समाप्त होने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने आसपास के मोहल्लों और संभावित स्थानों पर बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ पुलिस महकमा

मासूम के लापता होने की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह के निर्देशन में एसओजी टीम को भी तलाश में लगाया गया। पुलिस ने पालकी यात्रा के मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

फुटेज की जांच के दौरान मानसी दो अज्ञात युवकों के पीछे-पीछे जाती दिखाई दी। वह फूलमती मंदिर और नईबस्ती रोड की ओर जाती नजर आई। इस फुटेज के सामने आने के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश के साथ-साथ दोनों युवकों की पहचान और उनके बारे में जानकारी जुटाने का काम भी शुरू कर दिया।

तेज बारिश में भी नहीं रुकी तलाश

सोमवार रात क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी, लेकिन पुलिस टीमों ने बच्ची की तलाश जारी रखी। संभावित रास्तों, गलियों और आसपास के इलाकों में लगातार चेकिंग की गई। रात करीब तीन बजे फतेहगढ़ से विशेष डॉग स्क्वाड की टीम भी बुला ली गई। स्निफर डॉग की मदद से संभावित स्थानों पर तलाश कराई गई और पुलिस ने कई इलाकों में घेराबंदी की।

लगातार कई घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार पुलिस को सफलता मिल गई। बच्ची गऊ टोला रोड स्थित एक स्कूल के पास से सकुशल बरामद हो गई। बच्ची के सुरक्षित मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, उनकी चिंता खुशी में बदल गई और उन्होंने राहत की सांस ली।

दो युवकों की फुटेज बनी जांच का अहम आधार

बच्ची के सीसीटीवी में दो युवकों के पीछे जाते दिखाई देने के बाद पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है। पुलिस बच्ची से जानकारी लेकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह वहां तक कैसे पहुंची और उसके साथ कौन-कौन लोग थे। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मासूम के सकुशल बरामद होने से परिजनों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। हालांकि सीसीटीवी में नजर आए दोनों युवकों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *