फर्रुखाबाद न्यूज़:- बिना नंबर प्लेट की बेलगाम बाइक ने कक्षा-3 की मासूम छात्रा को रौंदा, हालत गंभीर |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/ फर्रुखाबाद |

जनपद में बिना नंबर प्लेट और तेज रफ्तार से दौड़ रही बाइकों पर प्रभावी कार्रवाई न होने का खामियाजा अब मासूम बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। गुरुवार सुबह स्कूल जा रही एक कक्षा-3 की छात्रा को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की वाहन चेकिंग व्यवस्था और सड़क सुरक्षा अभियान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार रेशमी पुत्री नगेंद्र, निवासी गणेशपुर सधवाड़ा, राम सिंह इंटर कॉलेज, कायमगंज की कक्षा-3 की छात्रा है। गुरुवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल जा रही थी। तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद चालक बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बिना नंबर प्लेट की बाइकें खुलेआम दौड़ रही हैं। कई चालक नाबालिग हैं या फिर यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हैं, लेकिन इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों का कहना है कि जब जिले के पुलिस कप्तान लगातार यातायात नियमों के पालन और सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हैं, तब भी सड़कों पर ऐसे लापरवाह वाहन चालक बेखौफ घूम रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि दुर्घटना करने वाले अज्ञात बाइक चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही बिना नंबर प्लेट, तेज रफ्तार और नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम को इस तरह की दुर्घटना का शिकार न होना पड़े।

यह हादसा प्रशासन के लिए भी चेतावनी है कि यदि समय रहते यातायात नियमों का कड़ाई से पालन नहीं कराया गया, तो सड़कें मासूमों के लिए और अधिक खतरनाक बन सकती हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *