फर्रुखाबाद न्यूज़:- छत पर बंदरों का हंगामा बना जानलेवा, 11 हजार वोल्ट की लाइन से झुलसा युवक |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

Ad image

फर्रुखाबाद |

शहर के टाउन हॉल के पास सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब छत पर गए एक युवक के लिए 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन काल बन गई। बंदरों के कूदने-फांदने के दौरान तार के हिलने से युवक उसकी चपेट में आ गया। तेज करंट लगते ही युवक बुरी तरह झुलसकर छत पर गिर पड़ा। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गंभीर हालत में उसे लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।

राकबगंज निवासी राजेंद्र सुबह करीब 10 बजे किसी काम से अपने मकान की छत पर गए थे। बताया गया कि मकान के बेहद करीब से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजर रही है। इसी दौरान छत पर बंदर कूद-फांद कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक, बंदरों के तार पर कूदने और झूलने से बिजली का तार तेजी से हिल गया और राजेंद्र उसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते तेज करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

करंट का झटका इतना जोरदार था कि राजेंद्र गंभीर रूप से झुलसकर छत पर गिर पड़े। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आए तो उनकी पत्नी को अनहोनी की आशंका हुई। वह छत पर पहुंचीं तो पति को झुलसी हालत में पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। पत्नी ने शोर मचाकर परिवार के अन्य लोगों को बुलाया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में राजेंद्र को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे।

चेहरा और शरीर का हिस्सा झुलसा

अस्पताल की इमरजेंसी में राजेंद्र का उपचार शुरू किया गया। परिजनों के अनुसार हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से उनका चेहरा और शरीर का एक हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और हालत गंभीर बताई जा रही है।

मकान के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर सवाल

हादसे के बाद मकान के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का कहना है कि बिजली की हाईटेंशन लाइन छत के काफी करीब है। ऐसे में छत पर जाने वाले लोगों के लिए हमेशा खतरा बना रहता है। बुधवार को बंदरों की वजह से तार हिलने के बाद हुआ हादसा इसी खतरे को सामने ले आया। घटना के बाद मोहल्ले में भी दहशत का माहौल है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *