बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण करने वाला गिरफ्तार, 29 कार्टून पटाखे बरामद
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा। थाना मारहरा पुलिस ने आबादी क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 29 कार्टून पटाखे बरामद किए हैं, जिनका वजन करीब 175 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जनपद में पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों में होने वाली विस्फोट की घटनाओं की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मारहरा पुलिस ने कस्बे के मार्केट के पास आबादी क्षेत्र में टीनशेड से बने एक गोदाम में छापा मारकर बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण पकड़ा।
मौके से प्रमोद कुमार पुत्र रामभरोस लाल, निवासी मोहल्ला चौबदार, कस्बा व थाना मारहरा, एटा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना मारहरा में मु0अ0सं0 181/2026, धारा 9(B)1(b) विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय व अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सच्चिदानंद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष योगेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक विपिन सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार, सोनू कुन्तल, मनीष कुमार, महिला कांस्टेबल नेहा शर्मा और महिला कांस्टेबल शिवा देवी शामिल रहे।

