नवाबगंज/फर्रुखाबाद।
सत्य भारती स्कूल ज्योना में गुरुवार को स्वास्थ्य जागरूकता एवं तंबाकू नियंत्रण को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। नवाबगंज सरकारी अस्पताल से पहुंची चिकित्सकों की टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वस्थ रहने के जरूरी टिप्स दिए। शिविर में बच्चों की आंखों, दांतों, सामान्य शारीरिक विकास और मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर जांच की गई। जरूरत के अनुसार बच्चों को आवश्यक दवाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम का आयोजन डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर मनोज कुमार तोमर एवं क्लस्टर कोऑर्डिनेटर रजी खान के मार्गदर्शन में हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवलेश कुमार मिश्रा की देखरेख में चिकित्सकों की टीम का स्वागत किया गया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों को कतारबद्ध कराते हुए अनुशासन के साथ उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
स्वच्छता से लेकर पौष्टिक आहार तक, बच्चों को दिए सेहत के मंत्र
चिकित्सकों ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया। विद्यार्थियों को दिन में दो बार ब्रश करने, सही तरीके से हाथ धोने, साफ-सफाई रखने तथा पौष्टिक भोजन लेने के फायदे बताए गए। साथ ही मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय भी समझाए गए। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पाकर बच्चों में खासा उत्साह नजर आया।
तंबाकू के खिलाफ बच्चों ने लिखी जागरूकता की इबारत
शिविर के दौरान तंबाकू नियंत्रण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों और इससे होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही लेखन प्रतियोगिता कराकर विद्यार्थियों को तंबाकू के खिलाफ अपनी बात रखने का अवसर दिया गया।
प्रतियोगिता में कक्षा चार की छात्रा दिव्या ने प्रथम, कक्षा तीन की छात्रा प्रतिज्ञा ने द्वितीय तथा कक्षा चार की छात्रा पलक ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता छात्राओं को बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के समापन पर डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर मनोज कुमार तोमर, क्लस्टर कोऑर्डिनेटर रजी खान, प्रधानाचार्य शिवलेश कुमार मिश्रा, अध्यापिका आरजू समेत विद्यालय के समस्त स्टाफ ने चिकित्सकों की टीम का आभार जताया। शिविर में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

