कायमगंज/फर्रुखाबाद।
नगर क्षेत्र में अन्ना गौवंश लोगों के लिए लगातार मुसीबत बनते जा रहे हैं। मंगलवार सुबह मोहल्ला नई बस्ती के पास सड़क पर घूम रहे एक आवारा सांड ने बाइक सवार 23 वर्षीय किसान पर अचानक हमला कर दिया। सांड के हमले से किसान बाइक समेत उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह सांड को वहां से भगाया और घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मंडी में मूली बेचने जा रहा था किसान
जानकारी के अनुसार कोट पहाड़ी गांव निवासी किसान गोपाल मंगलवार सुबह बाइक से मूली लेकर मंडी जा रहा था। जैसे ही वह नई बस्ती के पास पहुंचा, सड़क पर घूम रहे अन्ना गौवंश ने अचानक उसकी बाइक पर हमला बोल दिया। हमले से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और गोपाल बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।
सड़कों पर घूमते गौवंश, कब जागेगा प्रशासन?
घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि कायमगंज नगर क्षेत्र की सड़कों और प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में अन्ना गौवंश घूमते रहते हैं। इनके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
बड़ा हादसा होने से पहले अभियान की मांग
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए नगर क्षेत्र में घूम रहे अन्ना गौवंश को तत्काल पकड़वाने, सुरक्षित गोशालाओं में पहुंचाने और प्रमुख मार्गों पर नियमित निगरानी कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
ईओ ने कार्रवाई का दिया भरोसा
मामले में ईओ डॉ. लव कुमार मिश्र ने बताया कि नगर क्षेत्र में अन्ना गौवंशों को पकड़ने के लिए जल्द अभियान चलाया जाएगा। अब देखना यह है कि घायल किसान की घटना के बाद नगर क्षेत्र में घूम रहे आवारा गौवंशों के खिलाफ अभियान कब शुरू होता है और लोगों को इस समस्या से कितनी राहत मिलती है।

