नई दिल्ली। नीट पेपर लीक विवाद और CJP प्रोटेस्ट के बीच सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. इस बार सरकार का एक्शन ब्यूरोक्रेसी पर दिखा है. जी हां, मोदी सरकार ने नौकरशाही में बड़ा फेरबदल किया है।
पेपर लीक विवाद के बीच सरकार ने शिक्षा मंत्रालय से विनीत जोशी को हटा दिया है. इतना ही नहीं, कई मंत्रालयों में नए सचिवों की नियुक्तियों और ट्रांसफर पर मुहर लगी है. सबसे बड़ा अपडेट तो यही है कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने सीनियर आईएएस अधिकारी विनीत जोशी को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव पद से हटाकर पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया है. उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव बनाया गया है।
दरअसल, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने 13 सचिव स्तर की नियुक्तियों और तबादलों को मंजूरी दी है. लंबे समय से शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे विनीत जोशी को अब पंचायती राज मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है. वहीं, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की कमान टी. के. अनिल कुमार को सौंपी गई. यानी शिक्षा मंत्रालय के दोनों बड़े विभागों में शीर्ष स्तर पर बदलाव हुआ।
दूसरी ओर, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव के. श्रीनिवास को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (DoNER) मंत्रालय भेजा गया है. वहीं, खनन मंत्रालय के सचिव पीयूष गोयल को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) का सचिव जनरल बनाया गया है। अब उनकी जगह केशव चंद्र को खनन मंत्रालय का नया सचिव नियुक्त किया गया है।
कैबिनेट की नियुक्ति समिति के फैसले के मुताबिक, चंद्र भूषण कुमार को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। जबकि सतेंद्र सिंह को आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया। वहीं, डी. थारा को आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के कैपिटल डेवलपमेंट विभाग की सचिव बनाया गया है. बी. राजेंद्र को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) का निदेशक नियुक्त किया गया है।
- सुचिंद्र मिश्रा को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का सचिव बनाया गया.
- सुशील कुमार लोहानी पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अगले सचिव होंगे. फिलहाल उन्हें OSD बनाया गया है.
- अर्चना वर्मा को सचिव स्तर पर पदोन्नति दी गई. वे आगे चलकर गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की सचिव का कार्यभार संभालेंगी.
इन अधिकारियों को मिला सचिव स्तर का दर्जा
- मृत्युंजय कुमार नारायण- रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त
- संतोष कुमार यादव- चेयरमैन, NHAI
- राजीव सिंह ठाकुर- सलाहकार,नीति आयोग
- दिलीप कुमार-महानिदेशक (प्रशिक्षण), कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
कहां-कहां बदलाव
यानी शिक्षा मंत्रालय, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, खनन, श्रम, पंचायती राज और कई अहम मंत्रालयों में शीर्ष स्तर पर बदलाव किए गए हैं. इसे केंद्र सरकार का हाल के समय का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है. केंद्र सरकार ने ऐसे समय में यह फैसला लिया है, जब पेपर लीक को लेकर देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन चल रहा है. सीजेपी वाले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं।
